खबरी नेशनल न्यूज नेटवर्क

चन्दौली। सुषमा जायसवाल, अध्यक्ष महिला मोर्चा चंदौली के नेतृत्व में भाजपा जिला कार्यालय पर जिला एवं मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई जिसका एजेण्डा था यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से शुरू होकर 2 अक्टूबर गाँधी जयंती तक आयोजित होने वाला सेवा पखवाड़ा।

मुख्य अतिथि नम्रता चौरसिया ने सेवा पखवाड़ा के कार्यक्रम पर सविस्तार चर्चा की और आयोजन के लिए दिया आवश्यक दिशा निर्देश

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि और भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष नम्रता चौरसिया, विशिष्ट अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की चंदौली जिला प्रभारी मेनका सिंह जी थीं। आज के कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नम्रता चौरसिया ने सेवा पखवाड़ा के कार्यक्रम पर सविस्तार चर्चा की और आयोजन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

जिलाध्यक्ष सुषमा जी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में महिला मोर्चा का कार्य चंहुओर परिलक्षित हो रहा और संगठन की तारीफ हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि वे हर कदम पर कार्यकर्ताओं के साथ हैं। विशिष्ट अतिथि और महिला मोर्चा की जिला प्रभारी मेनका सिंह ने कहा कि अगर हम महिलाएं ठान लें तो क्या कुछ नहीं कर सकती बस आवश्यकता है एक दृढ़ संकल्प और उस दिशा में प्रयास की। धन्यवाद ज्ञापन करते हुए महिला मोर्चा की चंदौली जिलाध्यक्ष सुषमा जायसवाल ने कहा कि हम पहले भी उत्साह और एकजुटता के साथ कार्य करते आये हैं और आगे भी उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गीता रानी गुप्ता, सभी जिला पदाधिकारी एवं मंडल अध्यक्षों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री प्रियंका तिवारी ने किया।