निःशुल्क निरीक्षण एवं दावें आपत्ति प्राप्त किये जाने की चल रही कार्यवाही


खबरी नेशनल न्यूज नेटवर्क
चंदौली।
राज्य निर्वाचन आयोग उ0प्र0 लखनऊ के अधिसूचना के अनुपालन में जिलाधिकारी ईशा दुहन के निर्देशानुसार जनपद चन्दौली में नगरीय निकायों के निर्वाचक नामावली का ड्राफ्ट प्रकाशन दिनांक 31.10.2022 को करने के उपरान्त दिनांक 01.11.2022 से 07.11.2022 तक ड्राफ्ट के रूप में प्रकाशित निर्वाचक नामावली के निरीक्षण एवं दावें,आपत्ति प्राप्त करने की कार्यवाही चल रही है। सम्बन्धित मतदेय स्थलों, सम्बन्धित नगरीय निकायों, सम्बन्धित तहसीलों, जिला निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय जिला निर्वाचन कार्यालय (न0नि0) पर जन सामान्य द्वारा मतदाता सूची के निःशुल्क निरीक्षण एवं दावें आपत्ति प्राप्त किये जाने की कार्यवाही चल रही है।

नगर पालिका पं0 दीनदयाल उपाध्याय नगर चंदौली में 88942, नगर पंचायत चकिया में 13810, नगर पंचायत सैयदराजा में 15166, नगर पंचायत चंदौली में 21823 मतदाता

दिनांक 31.10.2022 को निकायवार प्रकाशन के उपरान्त अंतिम मतदाता (ड्राप्ट सूची के अनुसार) नगर पालिका पं0 दीनदयाल उपाध्याय नगर चंदौली में 88942, नगर पंचायत चकिया में 13810, नगर पंचायत सैयदराजा में 15166, नगर पंचायत चंदौली में 21823 है। इस प्रकार नगरीय निकाय चुनाव में जनपद में 139741 मतदाता है।

प्राप्त दावा आपत्तियों का निस्तारण तहसील स्तर पर उपरोक्त निर्धारित तिथि के अन्तर्गत


उपरोक्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत निर्धारित तिथियों में सम्बन्धित स्थलों पर प्रत्येक दिन पूर्वान्ह् 10ः00 बजे से अपरान्ह् 05ः00 बजे तक नियुक्त कार्मिक निर्वाचक नामावली व दावा आपत्ति से सम्बन्धित प्रपत्र लेकर उपस्थित रहेगें एवं जन सामान्य को उपलब्ध करायेेंगे। प्राप्त दावा आपत्तियों का निस्तारण तहसील स्तर पर उपरोक्त निर्धारित तिथि के अन्तर्गत किया जायेगा एवं जांचोपरान्त अर्ह पाये गये परिवर्धन विलोपन संशोधन सूची कम्प्यूटराईजेशन हेतु जिला निर्वाचन कार्यालय (न0नि0) में उपलब्ध करायी जायेगी।

01 जनवरी, 2022 को जिन व्यक्तियों की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो गयी है वे पंजीयन के लिए होंगे पात्र

01 जनवरी, 2022 को जिन व्यक्तियों की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो गयी है अथवा जिनका नाम ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली में सम्मिलित नहीं है वे सम्बन्धित क्षेत्रों के निर्वाचक नामावली के पंजीयन हेतु पात्र होंगे। उक्त हेतु जन सामान्य द्वारा परिवर्धन विलोपन संशोधन हेतु आयोग द्वारा निर्धारित प्रपत्रों पर दावें आपत्ति सम्बन्धित कार्मिकों को दी जा सकती है।

मुख्यालय पर कन्ट्रोल रूम के जारी किये गये नम्बर


उपरोक्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में जन सामान्य की जानकारी शिकायतों के निस्तारण हेतु जिला मुख्यालय पर कन्ट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नम्बर (05412) 260149, (05412) 260100 पर कोई भी व्यक्ति उक्त दूरभाष नम्बर पर अपनी समस्या शिकायत के निस्तारण हेतु जानकारी प्राप्त कर सकता है।