रवाना होने तक भ्रमण करते रहे जिला निर्वाचन अधिकारी व पुलिस अधीक्षक

खबरी पोस्ट नेशनल न्यूज नेटवर्क

चंदौली। लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 के सातवें और अन्तिम चरण में मतदान के लिए नवीन मण्डी से शुक्रवार को मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं। सुबह 07 बजे कर्मचारी पहुंच गए और अपनी-अपनी डयूटी चार्ट के अनुसार किट प्राप्त किए। उसके बाद बूथों के लिए रवाना हो गए। 12 बजे तक 80 प्रतिशत पोलिंग पार्टियां नवीन परिसर से रवाना हो गई थीं। जिलाधिकारी निखिल टी फुंडे और पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार पोलिंग पार्टियों के रवाना होने तक परिसर में भ्रमणशील रहे।

पोलिंग पार्टियों के रवानगी की कुछ झलकियां

पूरे जनपद में मतदान 1 जून को ‚मतदान का समय सुबह 7 बजे से लेकर सायं 6 बजे तक

जिले में शनिवार को मतदान होना है। इसके लिए शुक्रवार को मण्डी परिसर से पोलिंग पार्टियां रवाना की गई। सुबह सात बजे तक कर्मचारी मण्डी परिसर में पहुंच गए। विधानसभावार अलग-अलग टेबल बनाया गया था। जहां पर सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोलिंग पार्टियों को डयूटी चार्ट के साथ ईवीएम दी गई। इसके बाद उन्हें बसों से बूथों के लिए भेजा गया।

इसके पहले जिलाधिकारी ने सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। भीषण गर्मी को देखते हुए सभी कर्मियों को हीट स्ट्रोक से बचने और पानी का भरपूर सेवन करने के लिए भी कहा गया। पोलिंग पार्टियां शाम तक अपने बूथों पर पहुंच जाएंगी। शनिवार सुबह सात बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी, जो शाम छह बजे तक चलेगी। मतदान के बाद पोलिंग पार्टियां उन्हीं वाहनों पर सवार होकर वापस आएंगी।

पोलिंग पार्टियों के रवाना होने से पहले उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी अभय कुमार पांडेय और प्रभारी अधिकारी कार्मिक/मुख्य विकास अधिकारी एस एन श्रीवास्तव ने मतदान केन्द्रों का जायजा लिया।