Married woman dies under suspicious circumstances

मायके के लोगों ने की पीएम की मांग

डीडीयू नगर चंदौली। जनपद के सैयदराजा थानाक्षेत्र अंतर्गत काजीपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी है। ससुराल वालों का कहना है कि विवाहिता ने फांसी लगाई है। जब तक पुलिस पहुंची, तबतक विवाहिता को फंदे से उतार लिया गया था। पुलिस ने मौके से आवश्यक जानकारी ली और मृतका के मायके वालों को सूचना दिया। फिलहाल, मायके वालों ने पोस्ट मार्टम करवाने की बात कही है। पुलिस, शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही में जुटी है।


जानकारी के अनुसार भगवानपुर निवासी दीपक द्विवेदी की 22 वर्षीय बेटी अर्पिता की शादी, काजीपुर गांव निवासी आयुष पांडेय के साथ करीब 2 साल पहले हुई थी। बताया जा रहा है कि ये लव मैरिज था। पति आयुष, टेंट हाउस का कार्य करता है। क्षेत्र में चर्चा ये है कि शादी के कुछ समय बीतने के बाद, पति-पत्नी के बीच वाद-विवाद होता रहता था।


घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात, दोनों पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। जिसके बाद पत्नी अर्पिता, अपने कमरे में चली गयी। बाद में जब आयुष कमरे में जाने के लिए दरवाजा खोलना चाहा, तो दरवाजा बंद मिला। काफी खटखटाने के बाद भी अर्पिता ने दरवाजा नही खोला। जिसके बाद परिवार वालों ने मिलकर दरवाजा तोड़ दिया। उन्होंने देखा कि अर्पिता, फंदे के सहारे लटकी हुई है।


इस बाबत सैयदराजा पुलिस द्वारा बताया गया कि सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो शव को उतारा जा चुका था। मृतका के ससुराल वालों के अनुसार अर्पिता, अपने कमरे में फंदे के सहारे लटकी मिली थी। पुलिस द्वारा बताया गया कि मृतका के मायके वालों ने पोस्ट मार्टम करवाने की बात कही है। फिलहाल शव का पोस्ट मार्टम करवाया जाएगा। पीएम रिपोर्ट से ही मौत की गुत्थी सुलझ पाएगी।