खबरी पोस्ट नेशनल न्यूज नेटवर्क
चंदौली| राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जनपद में सब नेशनल सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया चलाई जानी है | इसके तहत जिले के 10 गांवों में वालंटियर्स के सहयोग से 20 दिन तक सर्वे किया जाएगा | इसी क्रम में पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला संयुक्त चिकित्सालय सभागार में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ .वाई के राय के निर्देशन में वालंटियर्स को दो दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया | विश्व स्वास्थ्य संगठन- राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के सलाहकार ने शनिवार को सर्वे के बारे में पूर्ण जानकारी दी एवं कार्यक्रम के बारे में विस्तार से समझाया | जनपद में सर्वे का यह कार्यक्रम नौ जनवरी से शुरू किया जाएगा| यह जानकारी जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ राजेश कुमार ने दी |

[smartslider3 slider=”2″]


राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की जिला समन्वयक पूजा राय ने बताया कि वर्ष 2025 तक टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य हासिल करने के जरिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं| इसके लिए पहली बार सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को विशेष टीबी रोगी खोज अभियान में शामिल करने के बाद अब वालंटियर्स की मदद ली जा रही है| प्रशिक्षण कार्यक्रम में 20 वालंटियर्स को प्रशिक्षित किया गया |

सब नेशनल सर्टिफिकेशन के सर्वे से जुड़े वालंटियर्स किये गए प्रशिक्षित

उन्होंने बताया कि वर्ष 2021-22 में जनपद को सब नेशनल सर्टिफिकेशन में कांस्य पदक से पुरस्कृत किया गया था| जनपद में वर्ष 2015 के सापेक्ष 2021 में क्षय रोगियों में 28 प्रतिशत की कमी दर्ज की गयी थी । इसी क्रम में पुनः जनपद को रजत पदक के लिए नामित किया गया है|

सब नेशनल सर्टिफिकेशन (SNC) प्रक्रिया के तहत टीम 25 जनवरी तक लगातार सर्वे करेंगी

पूजा राय ने बताया कि सब नेशनल सर्टिफिकेशन (एसएनसी) प्रक्रिया के तहत टीम 25 जनवरी तक लगातार सर्वे करेंगी और एप के जरिए मौके से ही लोकेशन के साथ विस्तृत जानकारी अपलोड करेंगी| इसके साथ ही लक्षण युक्त व्यक्ति के बलगम का सैंपल भी लेंगी| 10 गाँव में दो-दो वालंटियर्स को शामिल करते हुए हर गांव के लिए एक टीम तैयार की गई है| हर टीम के साथ राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) का एक कर्मचारी बतौर सुपरवाइजर काम करेगा| प्रशिक्षण कार्यक्रम में त्रिपुरारी शरण सिंह डीपीपीएमसी, अभिषेक सिंह डीपीटीसी एवं समस्त ब्लॉक के क्षय रोग विभाग के सुपरवाइजर उपस्थित रहे |

[smartslider3 slider=”4″]